बनबसा (चंपावत)। भारत-नेपाल के बीच इस सीमा से वर्ष 2018 में 4916 विदेशी पर्यटकों ने आवाजाही की, जबकि वर्ष 2017 में 3987 विदेशियों ने दोनों देशों के बीच आवागमन किया था।
वर्ष 2017 की अपेक्षा वर्ष 2018 में इस सीमा से 927 विदेशियों ने अधिक आवाजाही की। बता दें कि भारत नेपाल के बीच विदेशी पर्यटकों की आवाजाही के लिए उत्तराखंड में एक ही इमिग्रेशन चेकपोस्ट बनबसा में है।
2018 में भारत से नेपाल को 2716 और नेपाल से भारत को 2200 विदेशियों ने आवाजाही की। इस सीमा से सर्वाधिक पर्यटक यूएसए और सबसे कम लग्जमबर्ग, लेबनान के नागरिकों ने आवाजाही की।
इमिग्रेशन चेकपोस्ट अधिकारी इंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 की अपेक्षा पिछले वर्ष 2018 में इस सीमा से पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। भारत सरकार के गृहमंत्रालय के अधीन यहां स्थापित इमिग्रेशन चेकपोस्ट को राज्य पुलिस महकमे का एलआईयू विभाग द्वारा संचालित किया जाता है।