बनबसा (चंपावत)। शारदा बैराज के फ्लोर पर मरम्मत कार्य के लिए दो दिनों से शारदा नहर की जलापूर्ति बंद की गई है। नहर में जलापूर्ति बंद होने से लोहियाहेड पावर हाउस का विद्युत उत्पादन ठप है। संभावना है कि पांच दिसंबर को नहर की जलपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
लंबे समय बाद शारदा बैराज के अप और डाउन स्ट्रीम के फर्श पर मरम्मत कार्य करने को बैराज पर मिट्टी का बंधा बनाया जा रहा है। इसके लिए शारदा नहर में पानी भी नहीं छोड़ा जा रहा है। शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बृजेश मौर्य ने बताया कि करीब 90 वर्ष पुराने बैराज के अप और डाउन स्ट्रीम में फर्श की मरम्मत, टूटे ब्लाक, ऐप्रिन का जीर्णोद्धार किया जाना है।
यूपी सिंचाई विभाग 11 करोड़ रुपये की लागत से छह माह में यह काम करेगा। जीर्णोद्धार कार्य के लिए पानी रोकने को कॉफर डैम का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए नहर में पानी छोड़ना बंद किया गया है। बताया कि कॉफर डैम निर्माण के बाद पांच दिसंबर तक नहर में पानी फिर से छोड़े जाने की संभावना है। इन दिनों लोहियाहेड पावर हाउस में करीब 18 मेगावाट विद्युत उत्पादन किया जा रहा है।