बनबसा (चंपावत)। प्रथम उत्तराखंड राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता जारी है। दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं में बनबसा के नवल किशोर ने बरेली के बल्लू को पटकनी देकर मुकाबला जीता।
यहां आयोजित दंगल प्रतियोगिता में रविवार को मुख्य अतिथि कस्टम अधीक्षक एके सिन्हा ने मुकाबलों का शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं को कुश्ती और कब्बड्डी जैसे खेलों में प्रतिभाग करने की प्रेरणा दी। बनबसा सेना छावनी कर्मी नवल किशोर और बरेली के बल्लू पहलवान के बीच देर तक दांवपेच चले, जिसमें नवल किशोर ने बल्लू पहलवान को चित किया। दूसरे मुकाबले में चंडीगढ़ के घमंडी पहलवान को दूसरे दिन भी मौसम अली से पराजय मिली।
अमरनाथ ने हरियाणा के मुन्ना पहलवान को हराकर प्रतियोगिता फतह की। बनबसा के बीकाम छात्र युवा पहलवान बिट्टू ने अजय को चित कर दिया। बनबसा के ही अफरोज ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में धोपी पछाड़ दांव से बदायूं के अमित को परास्त कर दिया। नकाबपोश पहलवान ने झांसी के शैतान सिंह को चित किया।