टनकपुर (चंपावत)। शहर की सड़कों व फुटपाथों पर अतिक्रमण हटाने को नगर पालिका प्रशासन ने सीमांकन शुरू कर दिया है। शनिवार को ईओ जयवीर सिंह राठी के नेतृत्व में पालिका की टीम ने सड़क से पांच फीट फुटपाथ पर पीली पट्टी लगाकर सीमांकन किया। ईओ ने कहा कि सड़क से पांच फीट फुटपाथ पर कोई भी दुकान नहीं लगेगी और इसकी जद में आ रहे अतिक्रमण जल्द हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम अनिल चन्याल ने नगर पालिका और लोनिवि को शहर की सड़कों व फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में तय हुआ था कि शुक्रवार से चिन्हीकरण किया जाएगा, लेकिन एसडीएम व ईओ के जिला मुख्यालय बाहर होने के कारण चिन्हीकरण नहीं हो पाया था। शनिवार को पालिका प्रशासन की टीम ने मुख्य बाजार के फुटपाथों से चिन्हीकरण शुरू कर दिया है।
सड़क से पांच फीट फुटपाथ पर सीमांकन किया गया है। ईओ ने बताया कि पांच फीट फुटपाथ पैदल राहगिरों के चलने के लिए छोड़ा जा रहा है। सीमांकन से बाहर न तो कोई दुकान लगेगी और न ही अतिक्रमण होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सीमांकन के बाहर दुकान लगाने व अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।