टनकपुर (चंपावत)। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर मंडल के चीफ इंजीनियर मेकेनिकल पी दोहरे ने मंगलवार को स्टेशन में निर्माणाधीन वाशिंग पिट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे रेलवे के अधिकारियों एवं कार्यदायी ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ निर्माण जल्द पूरा करने की हिदायत दी। चीफ इंजीनियर के निरीक्षण ने टनकपुर से लंबी दूरी की ट्रेन सेवा जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ा दी है।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक यहां पांच सौ मीटर लंबे वाशिंग पिट के निर्माण के बाद लंबी दूरी की सीधी ट्रेन सेवा का संचालन भी शुरू हो जाएगा। तीन दिन पहले मंडलीय प्रबंध वित्त विनीत द्विवेदी के निरीक्षण के बाद मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर मंडल के चीफ इंजीनियर पी दोहरे ने इंजीनियरों की टीम के साथ निर्माणाधीन वाशिंग पिट का निरीक्षण कर गुणवत्ता का जायजा लिया।
उन्होंने पिट की नाली, पानी का ड्रोनेज, पानी निकासी आदि व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर अपने मोबाइल से फोटोग्राफी भी है। चीफ इंजीनियर दोहरे ने निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे अधिकारियों एवं कार्यदायी ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डिविजनल मेकेनिकल इंजीनियर इज्जतनगर राम खिलावन, अधिशासी अभियंता मेकेनिकल मसूर अहमद, स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी आदि अधिकारी मौजूद थे।