लोहाघाट (चंपावत)। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में बने सघन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) के कक्ष और आंखों के उपचार की लगी अत्याधुनिक मशीन का शुभारंभ हो गया है। रामकृष्ण मठ एवं मिशन बैलूर मठ कोलकाता से आए अध्यक्ष स्वामी स्मरानंद जी महाराज ने शनिवार को मशीन का उद्घाटन किया।
इस दौरान रामकृष्ण मठ एवं मिशन से जुड़े कई अनुयायियों ने उनका आशीर्वाद लिया। इससे पूर्व उन्होंने यहां नव निर्मित प्रबुद्ध भारत भवन और मुख्य भवन के जीर्णोद्धार के कार्य का भी शुभारंभ किया। उनके लोहाघाट आगमन पर लखनऊ, लोहाघाट, पिथौरागढ़ आदि शहरों से अनेकों अनुयायी यहां पहुंच रहे हैं। आश्रम के अध्यक्ष स्वामी मुक्तिदानंद जी महाराज ने बताया कि मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में बेहतर चिकित्सा सेवा देने के लिए भविष्य में भी कई नए आयाम जुड़ेंगे। इस दौरान मायावती आश्रम के पूर्व अध्यक्ष स्वामी त्रैलोक्यानंद, लखनऊ आश्रम के स्वामी बोधसारानंद और स्वामी मुक्तिनाथानंद आदि भी पहुंचे हैं। इस मौके पर प्रबंधक स्वामी वानीश्वरानंद, नरसिम्हानंद, एकदेवा नंद, स्वामी स्वरूपानंद, दिव्य कृपानंद ने मौजूद थे।