टनकपुर (चंपावत)। चरस तस्करी के आरोपी को न्यायालय में पेशी के लिए चंपावत ले जा रही पुलिस की कार टनकपुर-चंपावत एनएच पर अनियंत्रित होकर ऊपरी सड़क से नीचे की सड़क पर जा गिरी। हादसे में चरस तस्करी का आरोपी, एक पुलिस उप निरीक्षक और दो सिपाही गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल चरस तस्करी के आरोपी, पुलिस उप निरीक्षक और एक सिपाही को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने चरस तस्करी में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय में पेशी के लिए उप निरीक्षक विक्रम सिंह (36) अपनी निजी कार (यूके 06/2368) से दो कांस्टेबल अनिल भट्ट (49) और पप्पू राणा (32) को साथ लेकर चंपावत जा रहे थे। सूखीढांग से पहले आठवें मील पर कार अनियंत्रित होकर खाई की तरफ जा गिरी और नीचे सड़क पर पहुंच कर रुकी। इसी बीच चंपावत से टनकपुर आ रहे एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने अपने सुरक्षा गार्ड एवं चालक की मदद से घायलों को संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
हादसे में झनकट निवासी चरस तस्करी के आरोपी कृष्ण सिंह के अलावा उप निरीक्षक विक्रम सिंह, सिपाही अनिल भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य कांस्टेबल पप्पू राणा को भी चोट आई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल उप निरीक्षक, चरस तस्करी के आरोपी एवं सिपाही को प्राथमिक इलाज के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है।
इधर, हादसे का पता चलते ही एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने संयुक्त चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हाल जाना।