चंपावत। सशस्त्र सीमा बल की पंचम वाहिनी की ओर से सीमांत विविल ग्राम पंचायत में बालिकाओं का बीस दिनी सिलाई प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। पंचम वाहिनी के कमांडेंट विक्रम देव सिंह और सहायक कमांडेंट नितिन शर्मा ने सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के पश्चात सिलाई मशीनें बालिकाओं को ही सौंप दी जाएंगी। ताकि वह प्रशिक्षण में हासिल ज्ञान का उपयोग अपनी आमदनी बढ़ाने के रूप में कर सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण बार्डर आउट पोस्ट धर्माघाट और तामली में भी आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह, कैलाश चंद्र पंत आदि ने भी विचार रखे। प्रशिक्षण में हेमा, उर्मिला पंत, भावना, जानकी, पूजा, उर्मिला, कमला, पूजा बिष्ट, अनीता शर्मा और गोविंदी पंत आदि बालिकाएं प्रतिभाग कर रही हैं।