लोहाघाट (चंपावत)। पंचेश्वर में प्रस्तावित बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना के लिए लोहाघाट विकासखंड के निडिल गांव में ग्रामीणों ने बांध निर्माण के संबंध में उन्हें पूर्ण जानकारी न दिए जाने की बात कहकर अनापत्ति देने से साफ इंकार कर दिया।
रविवार को ग्राम प्रधान मनी देवी की अध्यक्षता और ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश चंद्र पांडेय के संचालन में हुई बैठक में प्रभावितों ने वनाधिकार अधिनियम, प्रभावित वन पंचायत भूमि, ग्राम पंचायत के भूमि धरों की प्रभावित भूमि और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से उनकी भूमि और वन भूमि के लिए अनापत्ति का प्रमाणपत्र देने को कहा तो ग्रामीणों ने अधिकारियों को अनापत्ति देने से साफ इंकार कर दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि पंचेश्वर बांध निर्माण के संबंध में उन्हें रत्तीभर भी जानकारी नहीं दी गई है। डूब क्षेत्र कहां तक आएगा, विस्थापन की क्या प्रक्रिया होगी, विस्थापित लोगों को मिलने वाली सुविधाओं की अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। पर्यवेक्षक जिला समाज कल्याण अधिकारी बंशीधर पंत, राजस्व उप निरीक्षक पुष्करनाथ गोस्वामी, वन विभाग के रमेश चंद्र जोशी ने ग्रामीणों को विभिन्न जानकारियां दी। इस मौके पर ग्रामीण कमल सिंह, कैलाश सिंह, भवान सिंह, ओंकार धौनी, चंद्र सिंह, वीर सिंह, दिवान सिंह आदि मौजूद थे।