लोहाघाट के रायनगर चौड़ी गांव में दो पेयजल योजनाएं ध्वस्त होने के बाद प्यास बुझाने के लिए बारिश का
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। पांच दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते लोहाघाट, पाटी और बाराकोट की 22 पेयजल योजनाएं ध्वस्त हो गई हैं। इसके चलते गांवों में पेयजल के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गया है। लोग बारिश का पानी एकत्र कर प्यास बुझा रहे हैं। जल संस्थान की कई पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त होने से कई गांव पेयजल संकट झेल रहे हैं। वहीं लोहावती नदी में मिट्टीयुक्त पानी आने से दो दिनों से चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना के पंप बंद पड़े हैं। इससे लोहाघाट नगर में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की प्यास बारिश का पानी बुझा रहा है। मूसलाधार बारिश के चलते बनस्वाड़, चौड़ी, कोलीढेक, बनगांव, बलांई, मजपीपल, मडलक, बाराकोट की द्यारतोली, लिसाड़ी, बंतोली, तल्ला बापरू, सलना बाराकोट, पम्दा, रैघांव, टाक छुलापैं, इजड़ा, मिर्तोली, ओखलंज, पाटी की सिनका तोक, नानखर्क गौरीखेत, कानीकोट आदि पेयजल योजनाएं ध्वस्त हैं।
अपर सहायक अभियंता पवन बिष्ट का कहना है कि जिले भर की ध्वस्त सभी पेयजल योजनाओं को युद्ध स्तर पर सही करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत जल संस्थान कर्मी जुटे हुए हैं। लगातार बारिश होने के चलते कार्य करने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। मौसम सही होने के साथ ही पेयजल योजनाओं को जल्द ठीक कर कर लोगों को राहत दी जाएगी।