टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मेले में इस बार नेपाल के श्रद्धालुओं की आवक बढ़ने से रौनक बनी हुई है। जबकि उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही इन दिनों कम हैं। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम दयानंद सरस्वती और तहसीलदार खुशबू पांडेय ने मुख्य मंदिर तक मेला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मां पूर्णागिरि के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की।
मां पूर्णागिरि धाम में होली के बाद से तीन माह का मेला चल रहा है। मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही से समूचे धाम क्षेत्र के अलावा नेपाल से लगी टनकपुर और बनबसा सीमा पर भी खासी चहल-पहल बनी हुई है। हर दिन हजारों की संख्या में भक्त देवी मां के दर्शन को पहुंच रहे हैं। पिछले चार दिनों से उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम है, लेकिन पड़ोसी देश नेपाल से काफी संख्या में श्रद्धालुओं की आवक बनी हुई है। विशेषकर नेपाल से थारू जनजाति के श्रद्धालु अधिक संख्या में आ रहे हैं।
बताया गया कि नेपाल थारू जनजाति के लोग भी उत्तर भारत के लोगों की तर्ज पर मां पूर्णागिरि को कुलदेवी के रूप में पूजते हैं। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम सरस्वती ने बताया कि जिला पंचायत को मेला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और भंडारा स्थल पर नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय, कोषाध्यक्ष कैलाश पांडेय भी मौजूद थे।
जंगलों की आग से धाम क्षेत्र में छाई धुएं की धुंध, लोग परेशान
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम से लगी पहाड़ियों के जंगल में लगी आग से समूचे धाम क्षेत्र में धुएं ही धुंध छायी हुई है। इससे न सिर्फ लोगों की आंखों में जलन पड़ रही है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। जंगलों में आग से वन संपदा और वन्यजीवों को भी भारी नुकसान हो रहा। पिछले एक सप्ताह से धधक रही आग से अब तक कई हेक्टेयर क्षेत्रफल में वन संपदा जल गई है। आग की चपेट में आने से बड़ी संख्या में वन्यजीवों के मरने की आशंका जताई जा रही है। ब्यूरो