टनकपुर (चंपावत)। तहसील में रजिस्ट्रार कानूनगो का पद रिक्त होने से लोगों को नई खतौनी प्राप्त करने और भूमि के दाखिल-खारिज की कार्रवाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आमबाग क्षेत्र के अनेक लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द रजिस्ट्रार कानूनगो की नियुक्ति करने की मांग उठाई है। ज्ञापन में शिवराज चंद, श्याम सिंह, मोहन जोशी, प्रकाश चंद, दलीप चंद, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत आदि ने कहा है कि खतौनी में अमल-दरामद न होने से भूमि की खरीद-फरोख्त और रजिस्ट्री में दिक्कत हो रही है।
इधर नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश मुरारी, महामंत्री वैभव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विजेंद्र अग्रवाल आदि ने भी रजिस्ट्रार कानूनगो की जल्द तैनाती की मांग उठाई है। बता दें कि रजिस्ट्रार कानूनगो राजेंद्र कुमार द्वारा स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लिए जाने के बाद से ही रजिस्ट्रार कानूनगो का पद रिक्त है।