चंपावत। नंदा गौरा योजना के तहत अब बालिकाओं को 62 हजार रुपये की धनराशि मिलेगी। पहले बालिकाओं को सात किस्तों में 51 हजार रुपये की धनराशि दी जाती थी। अब बालिकाओं को 11 हजार रुपये की धनराशि अधिक मिलेगी।
बाल विकास विभाग में 62 हजार रुपये धनराशि देने का नया शासनादेश पहुंच चुका है। नंदा गौरा योजना में अब जन्म के समय 11 हजार और 12 वीं कक्षा पास होने पर बालिकाओं को 51 हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। पहले बालिकाओं को सात किस्तों में 51 हजार रुपये की धनराशि दी जाती थी। इसमें जन्म के समय पांच हजार, एक साल बाद पांच हजार, आठवीं कक्षा पास होने पर पांच हजार, 10 वीं कक्षा पास में पांच हजार, 12 वीं पास में पांच हजार, बीए पास होने पर 10 हजार और शादी के दौरान 16 हजार रुपये की धनराशि दी जाती थी। अब नए शासनादेश में बालिकाओं को दो किस्तों में 62 हजार की धनराशि दी जाएगी। पीएस बृजवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी, चंपावत ने बताया कि नंदा गौरा योजना में अब बालिकाओं को 62 हजार रुपये की धनराशि मिलेगी।
नंदा गौरा योजना में दो बार हो चुका है बदलाव
चंपावत। नंदा गौरा योजना में दो-तीन बार शासनादेश में बदलाव हो चुका है। पहले बालिकाओं को सात चरण में नंदा गौरा योजना में 51 हजार रुपये दिए जाते थे। उसके बाद दो चरणों मे नंदा गौरा योजना का लाभ देने का शासनादेश जारी हुआ। वर्तमान में बाल विकास को 62 हजार रुपये की धनराशि देने का नया शासनादेश मिल चुका है।