लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के दूरस्थ नेपाल सीमा से लगे कायल गांव में पैर फिसलकर खाई में गिरने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई है। ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता ने बताया कि लोहाघाट से करीब 40 किमी दूर नेपाल सीमा से लगे कायल गांव निवासी पदम सिंह पुत्र महा सिंह मंगलवार शाम अपने जानवरों को चुगाने के लिए पास के जंगल में गया हुआ था।
इस दौरान एकाएक पैर फिसलने से वह गहरी खाई में गिर गया। पदम सिंह के खाई में गिरने की सूचना मिलने पर परिजनों ने 108 आपात सेवा को फोन कियी। परिजन घायल को पांच किमी दूर डुंगराबोरा सड़क तक डोली से ला रहे थे। इस दौरान उसने दम तोड़ दिया। बुधवार को मृतक का स्थानीय श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र आनंद सिंह ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। ग्रामीण चंदन सिंह, बहादुर सिंह, केशव सिंह, महिपाल, गंगा सिंह, राजेंद्र सिंह आदि लोगों का कहना है कि गांव के लिए सड़क सुविधा न होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डोली से मरीजों को सड़क तक लाने में गंभीर रूप से बीमार, चोटिल लोग रास्ते में दम तोड़ दिया।