टनकपुर (चंपावत)। उत्तराखंड मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में परिवहन निगम के 55 वर्षीय धावक अशोक शर्मा (यातायात निरीक्षक) ने गोल्ड पदक जीत कर क्षेत्र और परिवहन निगम का गौरव बढ़ाया है। धावक शर्मा फरवरी में आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेंगे। इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, रोडवेज के अधिकारियों और कर्मचारी यूनियनों ने खुशी जताते हुए धावक शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
देहरादून के रायपुरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में गत 23 दिसंबर को आयोजित प्रतियोगिता में रोडवेज के धावक अशोक कुमार शर्मा ने 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 10,000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि 400 मीटर दौड़ और 1500 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीता है।
क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के वीरेंद्र पुरी, कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मलिक, संतोष कुमार गुप्ता आदि ने बधाई देते हुए धावक शर्मा की उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।