चंपावत। चंपावत में बृहस्पतिवार को बादल और हल्की बारिश से ठंड में इजाफा हुआ। न्यूनतम 3 डिग्री और अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं मामूली बारिश से टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर स्वांला, धौन, बनलेख आदि जगहों पर कीचड़ के चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी। इसके चलते कुछ जगह वाहन भी फंसे। फंसे वाहनों को जेसीबी की मदद से निकाला गया।
टनकपुर में अलाव की व्यवस्था हुई, लोहाघाट में मांग
टनकपुर/बनबसा/लोहाघाट (चंपावत)। टनकपुर, बनबसा में प्रशासन ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था की है। टनकपुर में रोडवेज बसस्टैंड और तुलसीराम चौराहे पर प्रशासन ने राहगिरों और निर्धन वर्ग के लिए अलाव जलाए। बनबसा में नगर पंचायत प्रशासन ने रोडवेज बस अड्डे, थाने और मीनाबाजार क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था की है। बृहस्पतिवार को बनबसा और टनकपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लोहाघाट के विभिन्न स्थानों में अलाव जलाने की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने एसडीएम को पत्र भेजा है। पत्र में चेयरमैन ने अधिकांश महत्वपूर्ण स्थानों में अलाव की कोई व्यवस्था न होने से लोगों की परेशानी का जिक्र करते हुए अलावा जलाने की मांग की है। पंचेश्वर तिराहे, न्यायिक बंदीगृह के पास, शीतला माता मंदिर के पास, स्टेशन बाजार, रोडवेज स्टेशन, मीनाबाजार, हथरंगिया चौराहे आदि स्थानों पर शीघ्र अलावा की व्यवस्था करने को कहा है।