चंपावत। जिले में पांच पेयजल योजनाओं के सुधारीकरण के लिए जल संस्थान को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए विभाग ने जिला योजना में 47 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया था। इसमें तीन पेयजल योजनाएं ग्रामीण क्षेत्र और दो योजनाएं नगरीय क्षेत्र की शामिल हैं।
लंबे समय से पेयजल योजनाओं की मरम्मत नहीं होने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पेयजल योजनाओं की मरम्मत के लिए जल संस्थान को जल्द ही धनराशि अवमुक्त हो जाएगी जिसके बाद काम शुरू हो जाएगा।
इन योजनाओं को मिली स्वीकृति
चंपावत। जिला योजना में फूंगर पेयजल योजना के लिए 12 लाख, डुंगरासेठी पेयजल योजना के लिए पांच लाख, टनकपुर नगरीय पेयजल योजना के लिए 10 लाख, लोहाघाट नगरीय पेयजल के लिए 10 लाख, डीडा कनेरा और पाटी पेयजल योजना के लिए पांच-पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है।
पांच पेयजल योजनाओं की मरम्मत के लिए जिला योजना से स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। धनराशि मिलते ही दिसंबर माह तक मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
- बिलाल यूनुस, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान चंपावत।