टनकपुर (चंपावत)। एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों की बैठक में निकाय चुनाव को देखते हुए दीपावली पर्व पर शांति व्यवस्था कायम रखने को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों की समस्याएं भी जानीं।
रविवार को कोतवाली में हुई बैठक में एसपी ने चुनाव के मद्देनजर शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ 107, 116 के तहत कार्रवाई करने एवं वीट आरक्षियों को अपनी वीट पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, नशे की रोकथाम के लिए जरूरी कार्रवाई करने एवं रात्रि गश्त बढ़ाने को कहा।
साथ ही अधिकारियों एवं कर्मियों को ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है। इसके अलावा एसपी ने यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं। बैठक में कोतवाल चंद्र मोहन सिंह, उप निरीक्षक योगेश दत्त भट्ट, उप निरीक्षक विक्रम सिंह, मोहन भट्ट आदि थे।
आपसी सौहार्द के साथ मनाएं दिवाली
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पुलिस ने व्यापारियों और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था पर चर्चा की। इस दौरान दिवाली को सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया गया।
एसआई अशोक धनगड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में नो पार्किंग जोन पर वाहन किसी भी हालत में खड़े नहीं करने देने पर सहमति हुई। कहा गया कि अस्थायी टैक्सी स्टैंड पर वाहनों की भीड़ होने पर उन्हें अन्यत्र खड़ा कराया जाएगा। पटाखे बेचने के लिए लाइसेंस जरूरी होगा। बगैर लाइसेंस के पटाखे बेचने पर सामान जब्त कर दिया जाएगा। बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष गोविंद लाल साह, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष जीवन बोरा, दीवान साही, गोविंद बल्लभ भट्ट, एसआई एमएस बोहरा, रवींद्र पांगती आदि थे।