टनकपुर (चंपावत)।
मां पूर्णागिरि मेले की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। शनिवार को मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अनिल चन्याल एवं सुरक्षा नोडल अधिकारी सीओ आरएस रौतेला ने व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ पूर्णागिरि धाम का निरीक्षण कर उचित दिशा-निर्देश दिए। विभागों को 20 फरवरी तक हर हाल में बिजली, पानी एवं मार्ग की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है।
पूर्णागिरि मेला इस बार 3 मार्च से शुरू हो रहा है। मेले को लेकर दो बार हो चुकी बैठकों में तय व्यवस्थाओं को अमलीजामा पहनाने की कवायद भी शुरू हो गई है। मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम एवं सीओ ने मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय के साथ धाम क्षेत्र का निरीक्षण किया। बताया गया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भैरव मंदिर से काली मंदिर तक लगे चैनलों के पास डिवाइडर लगाए जा रहे हैं। लोनिवि को झूठा मंदिर से लेकर काली मंदिर तक हर जरूरी स्थान पर मार्ग में डिवाइडर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों एवं काली मंदिर से मुख्य मंदिर तक क्षतिग्रस्त रैलिंग को दुरुस्त करने को कहा गया है। इस दौरान जलसंस्थान के अवर अभियंता बीएस कुवार्बी, लोनिवि जेई आदि अधिकारी मौजूद थे।