टनकपुर (चंपावत)। श्री पूर्णागिरि ट्रक एसोसिएशन ने उप खनिज भंडारण स्थल से हो रही ओवर लोडिंग पर अंकुश लगाने की मांग उठाई है। उन्होंने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर ओवर लोडिंग कर रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह पाटनी के नेतृत्व में तहसील पहुंचे ट्रक मालिकों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि क्षेत्र में उप खनिज भंडारण स्थल से वाहनों में ओवर लोडिंग हो रही है। कई बार मना करने के बाद भी ओवरलोडिंग नहीं रोकी जा रही है। उनका कहना है कि ओवर लोडिंग से दुर्घटनाओं का भय रहता है। इससे कई वाहन स्वामियों की रोजी रोटी भी प्रभावित रहती है।
एसोसिएशन के लोगों ने खनिज भंडारण स्थलों के से हो रही ओवर लोडिंग और बाहर से क्षमता से अधिक सीमेंट ला रहे ट्रकों पर अंकुश लगाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रहीस खां, सचिव मनोज कुमार गुप्ता, भुवन सिंह कठायत आदि ट्रक मालिक शामिल थे। दूसरी तरफ भंडारण स्थल से ओवरलोडिंग करने वाले वाहन स्वामियों का तर्क है कि बाहर से सीमेंट की गाड़ियां भी ओवर लोड होकर आ रही है। प्रशासन की ओर से पहले उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाए।