लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय डिग्री कॉलेज देवीधुरा में सात अक्तूबर को होने वाले छात्रसंघ चुनावों में अध्यक्ष पद पर पुष्पा महंत और गोकुल कोहली के बीच सीधा मुकाबला होगा, जबकि उपाध्यक्ष पद पर दिनेश महर, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर नीला अधिकारी, सचिव पद पर कमला आर्य, संयुक्त सचिव पद पर मनोज जोशी, कोषाध्यक्ष पद पर मनोज बिष्ट, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर नवीन कांडपाल द्वारा नामांकन किया गया है। इनका निर्विरोध निर्वाचन तय है।
प्रभारी प्राचार्य डा.एसके सिंह के दिशा-निर्देशन और चुनाव प्रभारी डा.पीके रिछारिया की देखरेख में बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। चुनाव प्रभारी ने बताया कि सभी आठों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए। किसी भी प्रत्याशी द्वारा अपना नामांकन वापस नहीं लिया गया। चुनाव प्रभारी ने बताया कि सात अक्तूबर को सुबह 9.30 बजे से एक बजे तक मतदान होगा। दो बजे से मतगणना होगी, जिसके बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।