लोहाघाट (चंपावत)। नैनीताल पॉलीटेक्निक में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़फोड़ करने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने के मामले में राजकीय पॉलीटेक्निक के कर्मचारी भड़क गए हैं। उन्होंने बांहों में काले फीते बांधकर विरोध जताते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। 30 अगस्त तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कार्यबहिष्कार करने की चेतावनी दी।
सोमवार को पॉलीटेक्निक के प्रभारी प्रधानाचार्य गोविंद बल्लभ के नेतृत्व में गुस्साए कर्मचारियों ने कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक नैनीताल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने के साथ विद्यालय में तोड़फोड़ करना निंदनीय कार्य किया है। इसके विरोध में सभी कर्मचारियों ने हाथों में काले फीते बांधकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि महासचिव उत्तराखंड पॉलीटेक्निक शिक्षक संघ के बैनर तले उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। कहा कि अगर 30 अगस्त तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार शुरू कर देंगे। वहां रचना बिष्ट, आरडी राजभर, डीके शर्मा, राजेंद्र नाथ गोस्वामी, हेम उपाध्याय, अंजली अग्रवाल, किरन कोहली, पुष्पा जोशी, उमेश उप्रेती, एचडी भट्ट, सोनू, पुष्पा आदि थे।