लोहाघाट (चंपावत)। राष्ट्रीय उद्यमिता और लघु व्यवसाय विकास संस्थान निसबड देहरादून और जिला उद्योग केंद्र चंपावत की ओर से आयोजित युवाओं के दो माह का मोबाइल फोन रिपेयरिंग कौशल विकास प्रशिक्षण के समापन में प्रतिभागियों से स्वरोजगार स्थापित करने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
शुक्रवार को नगर पंचायत सभागार में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षणों से युवा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद वर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिसका युवाओं को लाभ उठाना चाहिए। अध्यक्षता करते हुए जिला उद्योग केंद्र चंपावत के महाप्रबंधक जीबी जोशी ने उद्योग निदेशालय के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए संचालित विशेष प्रोत्साहन नीति की जानकारी दी। निसबड देहरादून के पाठ्यक्रम निदेशक राकेश पैन्यूली ने कहा कि मोबाइल फोन रिपेयरिंग के व्यवसाय में बहुत कम लागत लगती है। इस काम से व्यक्ति अच्छा लाभ अर्जित कर सकता है। मास्टर ट्रेनर हेम बहुगुणा के संचालन में हुए कार्यक्रम में प्रकाश राय, बंशीधर तिवारी, शिवराज सिंह, श्याम सिंह, मुरलीधर सकलानी, सावन बहादुर, विनोद, कपिल, अरुण बहादुर, महेश राय, विपिन शर्मा, किशोर गड़कोटी आदि मौजूद थे।