अमर उजाला ब्यूरो
चंपावत। जिला मुख्यालय में पुरानी रोजिन फैक्ट्री परिसर के समीप निर्माणाधीन तहसील कार्यालय के आवासीय भवनों का निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। शनिवार को निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण करने पहुंची एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता घटिया होने तथा निर्माण स्थल के समीप जमीन धंसने के कारण कार्यदायी संस्था को तत्काल अगले निर्देशों तक निर्माण कार्य रोकने के आदेश दिए।
एसडीएम का कहना है कि निर्माणाधीन स्थल में जमीन धंसने के कारण अन्य मकानों को भी गंभीर खतरा हो सकता है। बताते चलें कि कार्यदायी संस्था प्रोजेक्ट इंप्लीमेंट यूनिट भीमताल की ओर से ऐतिहासिक राजबुंगा किले में संचालित हो रही तहसील कार्यालय और आवासीय भवनों का निर्माण कार्य रोजिन फैक्ट्री परिसर में किया जा रहा है।
करीब 10.30 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित कार्यालय और आवासीय परिसर में टाईप टू और टाइप फोर के आवासों का निर्माण काफी तेजी से काम चल रहा है। स्थानीय लोगों की ओर से घटिया गुणवत्ता की शिकायत पर एसडीएम सदर ने शनिवार को मौका मुआयना किया और निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता विनय कुमार के अनुसार तहसील कार्यालय और आवासीय भवनों के निर्माण के लिए संबंधित साइड सलेक्शन, ज्यूलोजिकल सर्वे तथा आईआईटी रुड़की से मृदा परीक्षण कराने की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया गया था।