अमर उजाला फाउंडेशन ने मंगलवार को बेलबंद्धगोठ में स्वास्थ्य शिविर लगाकर बस्ती वासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही निशुल्क दवाएं भी बांटी। शिविर में 207 मरीजों का इलाज हुआ। इस दौरान बेलबंद्धगोठ के निर्धन वर्ग के मरीजों ने अमर उजाला को धन्यवाद दिया।
बेलबंद्धगोठ में आयोजित अमर उजाला फाउंडेशन के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ बीडीसी सदस्य पुष्कर कापड़ी ने किया। उन्होंने अमर उजाला द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की सराहना की। बेलबंद्धगोठ वासी मजदूर वर्ग ने भी अमर उजाला के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि अमर उजाला पहले से ही गरीबों की आवाज उठाता आया है अब तो दर्द भी बांट रहा है। बेलबंद्धगोठ के वृद्ध, महिला-पुरुष और बच्चों समेत 207 मरीजों ने अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।
अमर उजाला की इस मुहिम में टनकपुर और बनबसा के कुशल डॉक्टरों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य परीक्षण करने वालों में डा. प्रियांशु श्रीवास्तव, आयुर्वेदाचार्य डा. प्रकाश सिंह बसेड़ा, डा. एम शाहिद, डा. वीके जोशी, फार्मेसिस्ट प्रीतम लाल विश्वकर्मा, हेल्थ सुपरवाइजर गणेश चंद, गोविंद कापड़ी आदि शामिल रहे। डॉक्टरों ने बस्ती वासियों को स्वस्थ रहने के टिप्स भी दिए। पेयजल संकट से जूझ रहे बेलबंद्धगोठ वासियों को पानी उबाल कर पीने की सलाह भी दी।
डॉ. श्रीवास्तव और डॉ. बसेड़ा ने बताया कि अधिकतर मरीज मौसमी बुखार, चर्म रोग, पेट की बीमारी, जोड़ों के दर्द, खांसी, मधुमेह, रक्तचाप और कृमि रोग से ग्रसित थे। शिविर में अमर उजाला फाउंडेशन केे पैथोलॉजी लैब ने कई मरीजों की विभिन्न जांच भी की। शिविर में नेत्रपाल सिंह, मनीष, रमेश, प्रेम आदि ने सहयोग दिया।