टनकपुर (चंपावत)। झुंड से बिछुड कर मंगलवार रात बस्तिया पहुंचे हाथी ने ग्रामीणों की फसल रौंद कर नष्ट की। वहीं बारहमासी सड़क का निर्माण कर रही आरजीबी कंपनी के श्रमिकों के कैंप के पास भी हाथी के पहुंचने से श्रमिकों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने वन विभाग एवं प्रशासन से गांव में वन्यजीवों की दस्तक रोकने को शीघ्र कदम उठाने की मांग की है।
मंगलवार रात करीब नौ बजे झुंड से बिछुड़ा एक हाथी अचानक बस्तिया गांव में घुस आया। हाथी ने अंबा दत्त जोशी, हरी दत्त जोशी, ईश्वरी दत्त पांडेय के खेत में लगी सरसों आदि की फसल रौंदकर नष्ट कर दी। बाद में हाथी गांव के पास आरजीबी कंपनी के श्रमिकों के कैंप के पहुंचा तो श्रमिकों में भगदड़ मच गई। उन्होंने शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की, लेकिन हाथी काफी देर तक वहीं खड़ा रहा। बाद में वह खुद ही जंगल की ओर चला गया।