टनकपुर (चंपावत)। शारदीय नवरात्र मेले में मां पूर्णागिरि धाम में भक्तों की आवाजाही का सिलसिला लगातार जारी है। चौथे नवरात्र पर भक्तों ने मां पूर्णागिरि के दर्शन किए। नवरात्र के चलते नेपाल के सीमांत महेंद्रनगर और ब्रहमदेव बाजार भी गुलजार रहा।
शुक्रवार को नवरात्र के चतुर्थी पर करीब पंद्रह हजार से अधिक भक्तों ने देवी के दर्शन कर देवी कूष्मांडा की आराधना की। रोडवेज की बसों, ट्रेनों के अलावा बसों और निजी वाहनों से हर दिन काफी संख्या में श्रद्धालु देवी मां के दर्शन को पहुंच रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों के अलावा बरेली, पीलीभीत, लखनऊ, बदायूं, कासगंज, नावाबगंज, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, पूूरनपुर आदि क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है।
वहीं नेपाल से ही काफी संख्या में भक्त मां पूर्णागिरि के दर्शन को आ रहे हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन पांडेय ने बताया कि अनुमान के मुताबिक नवरात्र के तीन दिनों में अब तक करीब साठ हजार से अधिक भक्त देवी के दर्शन कर लौट चुके हैं।