टनकपुर (चंपावत)।
सूखीढांग के साथ ही अब बस्तिया में भी शराब की दुकान खोलने की सुगबुगाहट का विरोध शुरू हो गया है। ग्रामीणों के शिष्टमंडल ने बृहस्पतिवार को तहसील में एसडीएम अनिल चन्याल को ज्ञापन सौंपकर गांव के आसपास दुकान नहीं खोलने की मांग की है। उन्होंने आगाह किया कि यदि गांव के आसपास दुकान खोलने का प्रयास हुआ तो वह कड़ा विरोध करेंगे।
प्रधान नवीन सिंह, पूर्व प्रधान सरोज देवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरीश लापड़ के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर विरोध जताया। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि गत वर्ष भी प्रशासन ने बस्तिया के पास शराब की दुकान खोलने की कोशिश की थी, जिसका उन्होंने कड़ा विरोध किया गया था। अब इस बार फिर दुकान खोलने की सुगबुगाहट हो रही है। ज्ञापन देने वालों में नारायण दत्त जोशी, मुन्नी देवी, गुड्डी देवी, शांति देवी, हरी दत्त, शांति देवी आदि शामिल थे।