बनबसा (चंपावत)। बनबसा सैनिक छावनी में वेटरन्स-डे धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर क्षेत्र की वीरनारियों (शहीद विधवाओं) को सम्मानित किया गया। दो मिनट का मौन रखकर देश के सैनिक शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
सेना छावनी स्थित स्टेशन हेडक्वार्टर प्रांगण में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर पुष्कर चंद (सेना मेडल, अति विशिष्ट सेना मेडल) की अध्यक्षता और कर्नल सुरेश मलिक के संचालन में कार्यक्रम का शुुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप जलाकर हुआ। स्टेशन कमांडर 23 मराठा लाइट इंफ्रैंट्री के कर्नल कुलदीप कुमार और मुख्य अतिथि ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का स्मरण करना देश वासियों का कर्तव्य है। साथ ही वीरनारियों का भी सम्मान किया जाना चाहिए।
इस मौके पर स्टेशन कमांडर और मुख्य अतिथि ने वीर नारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। सेनाधिकारियों ने वीरनारियों के अलावा पूर्व सैनिकों की समस्याएं भी सुनीं। कार्यक्रम में कर्नल टीकाजी, कर्नल जेएस रौतेला, कर्नल चंद्रशेखर मुरारी, कर्नल बीबी पाल, गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन भानी चंद, खटीमा पूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार कुंवर सिंह खनका ने सहयोग दिया।