टनकपुर (चंपावत)।
स्टोन क्रशर मालिक की ओर से पिछले दिनों आबादी की ओर ढही दीवार का पुनर्निर्माण न कर आबादी की तरफ और भूमि किराए पर लेकर दीवार निर्माण कराने से अंबेडकर नगर कॉलोनी के लोग भड़क गए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने दीवार के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है।
15 दिसंबर को शहर के अंबेडकर नगर कॉलोनी वार्ड संख्या तीन में स्थित कुमाऊं स्टोन क्रशर की दीवार अचानक ढह गई थी। दीवार से सटाकर डंप किया गया पत्थरों का चट्टा आबादी की ओर गिरने से दीवार के पास भवन निर्माण कार्य कर रहा बोरागोठ निवासी राजमिस्त्री गणेश राम (55) गंभीर रूप से घायल हुआ था, जबकि उसे सहयोगी श्रमिक वार्ड संख्या चार निवासी मजदूर उमेश कुमार (50) के पैर पर भी हल्की चोट आई थी। इसके अलावा अपने घर के दरवाजे पर बैठी शिखा देवी नामक महिला भी मलबे की चपेट में आने से बची।
हादसे के बाद जहां पुलिस ने क्रशर स्वामी को नोटिस जारी किया था तो एसडीएम अनिल चन्याल ने भू-वैज्ञानिक एवं खनिकर्म विभाग की टीम से हादसे की जांच कराने की बात कहीं, लेकिन अब तक न तो पुलिस ने ही कोई कार्रवाई की और न ही खनिकर्म विभाग की टीम जांच को पहुंची।
इधर, उक्त क्रशर स्वामी द्वारा क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत करने के बजाय आबादी की तरफ और बढ़ाकर दीवार का निर्माण शुरू किया गया है। इससे कॉलोनी के लोग भड़क गए। लक्ष्मी गंगवार के नेतृत्व में नारायण कुमार, जमुना पाल, राकेश, होरी लाल, रामू, सुरेश कुमार, शिवकुमार, विजय गिरी आदि लोग ने दीवार निर्माण का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इस पर कोतवाल अरुण कुमार वर्मा फोर्स के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे और एसडीएम को मामले की जानकारी देने के बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया।