चंपावत। जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में छह शिकायतें दर्ज हुईं। इस मौके पर डीएम डॉ. अहमद इकबाल ने सभी अधिकारियों से स्थानीय स्तर पर हल हो सकने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि समस्याएं न सुलझाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में कानीकोट निवासी त्रिलोक सिंह खाती ने बताया कि कुछ व्यक्तियों से उनके परिवार को जानमाल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग उठाई।
खर्ककार्की निवासी ललित मोहन पांडेय ने धार्मिक पर्यटन स्थल मां हिंग्ला देवी के सुंदरीकरण, सैंदर्क निवासी ईश्वरी राम ने चेक नंबर 723093 में पिता का नाम संशोधित कराने, गुमदेश के गुमान सिंह ने जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के दूसरी पीढ़ी के उत्तराधिकारियों की सूची दिलाने की समस्याएं रखी। मुन्नी देवी ने सूखीढांग-डांडा मिनार मोटर मार्ग निर्माण के दौरान जान गंवा चुके मजदूर त्रिलोक सिंह परिजनों को अभी तक मुआवजा न मिलने का का मामला उठाया।
टांण तल्ला से आए जनप्रतिनिधियों ने स्कूल का संचालन टांण तल्ला के स्थान पर टांण मल्ला में कराने की मांग की। इस पर डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में परियोजना निदेशक हरगोविंद भट्ट, डीडीओ आरसी तिवारी, सीएमओ एमएस बोरा, सीईओ आरसी पुरोहित, जिला क्रीड़ा अधिकारी आरएस धामी, डीएचओ एनके आर्या, ईई लोनिवि डीडी भट्ट, डीईओ बेसिक सत्यनारायण आदि मौजूद थे।