लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट विकासखंड के खालगढ़ा में तीन दिनी सीमा क्षेत्रीय दीप महोत्सव शनिवार से शुरू हो गया है। शनिवार को खालगढ़ बाजार से ढोल-नगाड़ों के साथ महोत्सव स्थल तक झांकी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, छात्राओं और लोगों ने हिस्सा लिया।
क्षेत्र के पूर्व सैनिक पीतांबर चिल्कोटी, भुवन पांडेय, अमर सिंह ने सामूहिक रूप से महोत्सव का फीता काटकर उद्घाटन किया। अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी ने कहा कि युवाओं के विशेष सहयोग से शुरू इस महोत्सव से समाज की विकृतियों को दूर करने में मदद मिलेगी। 16 अक्तूबर तक चलने वाले इस महोत्सव की प्रत्येक शाम सात बजे से विभिन्न स्थानों से आने वाले सांस्कृतिक दल रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। संजय पांडेय के संचालन में हुए महोत्सव में मोहित पांडेय, चांद सिंह बोहरा, ग्राम प्रधान विनोद सिंह, पूरन चिल्कोटी, शिवराज अधिकारी, सतीश चिल्कोटी, मनीष भट्ट, राजीव सक्टा आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।