लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे बांकू-सुल्ला मोटर मार्ग की दुर्दशा पर ग्रामीण भड़क गए हैं। उन्होंने लोनिवि पर मोटर मार्ग की सुध न लेने का आरोप लगाते हुए विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया। उन्होंने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर शीघ्र मोटर मार्ग की हालत ठीक करने की मांग की। मांगों की अनदेखी किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
जोत सिंह, प्रेम सिंह आदि लोगों का कहना है कि बांकू-सुल्ला मोटर मार्ग की स्थिति अत्यधिक दयनीय हो चुकी है। इस मोटर मार्ग से बांकू, कोटसारी, कुनौली, पुंडिल आदि गांव का रास्ता जाता है। लोनिवि की ओर से इस मोटर मार्ग के रखरखाव में कभी भी ध्यान नहीं दिया है। बदहाली के चलते मोटर मार्ग में गड्ढों के अलावा मार्ग में झाड़ियां उग गई हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही पर हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते लोनिवि ने मोटर मार्ग को ठीक करने के लिए सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो समस्त ग्रामीणों उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में जोत सिंह, प्रेम सिंह, भीम सिंह, रघुवीर सिंह, राजेंद्र सिंह आदि शामिल थे।