टनकपुर (चंपावत)। शासन ने टनकपुर नगर पालिका के सीमा क्षेत्र के विस्तार को भी मंजूरी दे दी है। सीमा विस्तार का यह प्रस्ताव शहरी विकास विभाग अनुभाग 3 को हस्तांतरित होने के बाद शासनादेश जारी होगा। स्थानीय नगर पालिका के सीमा विस्तार में शहर से लगी मोहनपुर (विष्णुपुरी), ज्ञानखेड़ा, टनकपुर (आमबाग) एवं नायकखेड़ा (नायकगोठ) ग्राम पंचायतों का 555.077 हेक्टेयर क्षेत्रफल और 10543 की जनसंख्या नगर पालिका परिषद सीमा क्षेत्र में शामिल होगी।
नगर निकायों के सीमा विस्तार के प्रस्ताव लंबे समय से शासन में लंबित थे, जिन्हें मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दे दी गई है। स्थानीय नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार प्रस्ताव के अनुरूप अब शहर से लगी मोहनपुर (विष्णपुरी) ग्राम पंचायत का 40.29 हेक्टेयर क्षेत्रफल और 2569 की जनसंख्या नगर पालिका परिषद में शामिल होगी। इसके अलावा टनकपुर (आमबाग) ग्राम पंचायत का 313.23 हेक्टेयर क्षेत्रफल और 3362 जनसंख्या, ज्ञानखेड़ा ग्राम पंचायत का 52.64 हेक्टेयर क्षेत्रफल और 1276 जनसंख्या एवं नायकगोठ ग्राम पंचायत के नायकखेड़ा का 148.90 हेक्टेयर क्षेत्रफल और 3336 जनसंख्या नगर पालिका सीमा क्षेत्र में शामिल होगी।
ज्ञानखेड़ा के ग्रामीणों ने विरोध किया
टनकपुर। नगर पालिका सीमा विस्तार के कैबिनेट के फैसले का ज्ञानखेड़ा ग्राम पंचायत के लोगों ने विरोध किया है। सीमा विस्तार के प्रस्ताव पर कैबिनेट की मंजूरी की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने बैठक कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। कहा कि नगर पालिका में शामिल करने से ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बैठक में ग्राम प्रधान नीतू गोस्वामी, बीडीसी सदस्य हरिओम सेठी, वार्ड सदस्य लोकमणी जोशी, फूल कुमारी, राजेंद्र अधिकारी, कलावती देवी, मुन्नी देवी, पुष्पा देवी आदि मौजूद थे।