टनकपुर (चंपावत)। थ्वालखेड़ा के बाद अब हाथियों का झुंड शारदा रेंज के छीनीगोठ कंपार्टमेंट की ओर चला गया है। बुधवार रात छीनीगोठ में घुसे हाथियों ने तीन किसानों की करीब पांच बीघा धान की फसल रौंद डाली। हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों में खासा भय एवं विभाग की उदासीनता पर गुस्सा है।
खेतों में फसल लहलहाने के बाद हाथी एवं अन्य वन्यजीवों का गांव की ओर रुख बढ़ जाता है। इन दिनों धान की फसल की हरियाली से गांव की ओर हाथियों की दस्तक बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से थ्वालखेड़ा में उत्पात मचा रहा हाथियों का झुंड अब छीनीगोठ की ओर मुड़ गया है। ग्राम प्रधान दीपा बिष्ट ने बताया कि बुधवार रात गांव में आए हाथियों ने पूर्व ग्राम प्रधान राधा भंडारी, उसकी देवरानी दीपा भंडारी एवं कमला भट्ट की करीब पांच बीघा फसल रौंदकर नष्ट की है। ग्राम प्रधान के अलावा समाजसेवी श्याम सिंह बिष्ट आदि ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव की ओर हाथियों की दस्तक रोकने को शीघ्र कारगर कदम उठाने की मांग की है।