रेलवे फाटक के पास केबल कटने से क्षेत्र में करीब तीन सौ लैंडलाइन फोन ठप हो गए हैं। बीएसएनएल की लाइन में फाल्ट आने से ब्राडबैंड सेवा चरमरा गई है। वहीं, बीएसएनएल के संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ब्राडगेज निर्माण में लगी जेसीबी से रेलवे स्टेशन के पास बीएसएनएल की ओएफसी कट गई। इससे कैनाल कालोनी, एनएचपीसी, चंदफार्म और चूनाभट्टा गांव के करीब तीन सौ फोन ठप हो गए हैं। संपर्क नहीं होने से किसी अधिकारी से फाल्ट के संबंध में जानकारी नहीं मिल पाई। एक कर्मी के मुताबिक सितारगंज से बनबसा के बीच कहीं बीएसएनएल की लाइन में फाल्ट आने से क्षेत्र की ब्राडबैंड सेवा भी ठप पड़ी है।
बता दें कि बैंक आफ बड़ौदा से स्ट्रांगफार्म तक की केबल कटी होने से भी साढ़े तीन माह से कई महत्वपूर्ण महकमों के अलावा उपभोक्ताओं के लैंडलाइन फोन और ब्राडबैंड सेवा ठप पड़ी है। अभिसूचना इकाई के निरीक्षक एनएन जोशी ने बताया कि साढ़े तीन माह से उन्हें फोन और फैक्स करने को बाहरी सेवाओं का सहारा लेना पड़ रहा है। थाने, इमिग्रेशन चेकपोस्ट की लैंडलाइन सेवा भी ठप पड़ी है। इधर पिछले चार दिनों से बीएसएनएल संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार से भी उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।