देवीधुरा के पास वालिक में एक व्यक्ति के पास से 2,83,500 रुपए बरामद हुए हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठित सचल दस्ते ने ये रकम पकड़ी है। जिस व्यक्ति से नोट पकड़े गए, उसने खुद को जूते का व्यापारी बताया और इस रकम को दुकानों से की गई वसूली बताया। यह व्यक्ति हल्द्वानी का बताया जा रहा है।
लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की रिटर्निंग अफसर/चंपावत की एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही जीप में एक व्यक्ति के पास से 2,83,500 रुपए बरामद हुए हैं। सचल दस्ता प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी बीएस मेहता के नेतृत्व में एसआई शंकर सिंह, दिनेश कार्की, ईश्वरी प्रसाद ने जीप को रोककर तलाशी ली, तो यह राशि मिली।
पाटी के थानेदार विनोद यादव ने बताया कि प्रकाश हर्बोला के पास से मिली राशि में 2000 रुपए के 125 नोट (250000) 100 रुपए के 275 नोट (27500), 10 रुपए के 588 (5880) नोट और 20 रुपए के 6 (120) नोट थे। थाने में इन नोटों की गिनती की गई। वहीं प्रकाश हर्बोला ने खुद को जूता व्यवसायी बताया तथा इस रकम को जूते की वसूली से हुआ बताया। आरओ का कहना है कि दो दिन में साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है। साक्ष्य नहीं देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।