पिथौरागढ। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन की ओर से चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत बैठक हुई। चंपावत में फार्मासिस्टों ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में आम सभा कर प्रदर्शन किया। इसके बाद फार्मासिस्टों ने सीएमओ के माध्यम से स्वास्थ्य महानिदेशक, डीएम के माध्यम से संयुक्त सचिव चिकित्सा, विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजा
एसोसिएशन के पिथौरागढ़ जनपदीय अध्यक्ष केएस अधिकारी की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राज्य गठन के 18 वर्ष बीतने के बाद भी फार्मासिस्ट अपने संवर्ग की सेवा नियमावली और पुनर्गठन के लिए तरस रहे हैं।
विभागीय चयन समिति के माध्यम से पदोन्नति का कार्य वर्ष 2015 से लटका है। कहा कि इन तमाम मांगों को लेकर 26 नवंबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। अभी तक सरकार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया है। जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है आंदोलन जारी रखा जाएगा।
बैठक के बाद एक ज्ञापन सीएमओ के माध्यम से महानिदेशक चिकित्सा को भेजा गया। इस अवसर पर प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीके जोशी, जिला मंत्री पीएल वर्मा, टीएस तोमर, आरडी कत्यूरा, केसी जोशी, जितेंद्र प्रसाद, पीसी जोशी, एमसी पंत, एसएस बृजवाल, आरएस मेहता, गिरीश जोशी, एसएस बोरा, जीबी तिवारी, एनएस रावत, संजय पंत, धीरा बृजवाल आदि मौजूद थे।