चंपावत। नगर निकाय चुनाव में चंपावत जिले में ही अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के चुनाव प्रचार में 1.30 करोड़ रुपये खर्च हो जाएंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने पिछले चुनाव की तुलना में इस बार चुनाव व्यय की सीमा को दोगुना कर दिया है।
इस बार चंपावत नगर पालिका अध्यक्ष के लिए पांच, टनकपुर के लिए सात, लोहाघाट नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए सात और बनबसा के अध्यक्ष के लिए छह उम्मीदवार मैदान में हैं। इन चारों निकायों के 34 वार्डों में से पांच में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। बचे 29 वार्डों में कुल 91 प्रत्याशी मैदान में है। खर्च की अधिकतम सीमा के हिसाब से प्रचार-प्रसार के लिए अध्यक्ष पद प्रत्याशी 88 लाख, सदस्य 42.60 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। हालांकि चुनावी राजनीति के जानकारों का कहना है कि चुनाव में असल खर्च आयोग की अधिकतम सीमा से काफी अधिक होता है।
पिछले चुनाव में महज 31 लाख किए खर्च
2013 के नगर निकाय चुनाव में चंपावत जिले के तीन निकायों के अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 प्रत्याशी मैदान में थे। टनकपुर, चंपावत पालिका और लोहाघाट नगर पंचायत के अध्यक्ष पद की कुर्सी के दावेदारों ने चुनाव प्रचार में दो हफ्ते से कम समय में 31 लाख रुपये खर्च कर डाले थे।
पद अधिकतम व्यय सीमा
टनकपुर नगर पालिका अध्यक्ष: छह लाख रुपये
चंपावत नगर पालिका अध्यक्ष: चार लाख रुपये
नगर पालिका सदस्य: 60 हजार रुपये
नगर पंचायत अध्यक्ष: दो लाख रुपये
नगर पंचायत सदस्य: 30 हजार रुपये