चंपावत। जिले में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत चयन से छूटे हुए परिवारों के लाभार्थियों ने उन्हें भी योजना में शामिल किए जाने की मांग उठाई है। जिले की सिलाड़ ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर गरीब और बीपीएल परिवारों को स्वास्थ्य बीमा योजना में शामिल किए जाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान पूजा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर ग्राम पंचायत सिलाड़ के गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले और बीपीएल परिवारों को छोड़ा गया है। ग्राम पंचायत में 115 परिवारों में से केवल 36 परिवारों को ही योजना में शामिल किया गया है। जबकि ग्राम पंचायत में गरीब और बीपीएल परिवारों की संख्या कहीं अधिक है। ग्रामीणों ने छूटे हुए परिवारों का फिर से सर्वे करा कर पात्र परिवारों को बीमा योजना में शामिल किए जाने की मांग उठाई है।