टनकपुर (चंपावत)। शारदा से खनिज निकासी कर रहे वाहन स्वामियों ने अप स्ट्रीम गेट से निकासी व्यवस्था सुधारने एवं थ्वालखेड़ा में एक और नया निकासी गेट बनाने की मांग की है। इस बाबत उन्होंने एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा है। पवन पांडेय, योगेश यादव, मोहित बनवाल, संजय महर, दीपक सुयाल, गोविंद देउपा, त्रिभुवन भंडारी द्वारा सौंपे गए
ज्ञापन में कहा गया है कि अप स्ट्रीम के नायकगोठ कांटे पर खाली और भरे वाहनों का कांटा कराते समय भगदड़ मची रहती है, इससे हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है। उन्होंने थ्वालखेड़ा में नया निकासी गेट बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि वन निगम द्वारा रिवर ट्रेनिंग के नाम पर 1.30 लाख रुपये प्रतिदिन एवं रायल्टी व्यवस्थापना व्यय के रूप में 5.40 लाख रुपये से अधिक शुल्क वसूला जाता है, बावजूद इसके कोई सुविधा नहीं दी जाती है।