टनकपुर (चंपावत)। पिछले दिनों सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्र कुणाल भारती के सड़क हादसे में मौत पर गुस्साए लोगों द्वारा जुलूस निकालने एवं कार्यालय में घुसकर एसडीएम के साथ नोक-झोंक करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है। प्रशासन एवं पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, एसडीएम ने सेंट फ्रांसिस स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य को इसके लिए कारण बताओ नोटिस भी दिया है। नोटिस से विद्यालय प्रबंधन में खलबली मची है।
आठ मार्च को स्कूल से घर लौट रहे छात्र कुणाल को विद्यालय के पास ही एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया था। छात्र की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। हादसे से गुस्साए लोगों ने अगले दिन सड़क पर उतरकर जुलूस निकाला और तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय में घुसकर न सिर्फ हंगामा किया था, बल्कि एसडीएम के साथ तीखी नोकझोंक करते हुए खूब खरीखोटी भी सुनाई थी। प्रदर्शनकारियों के इस रुख को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जानकारी के मुताबिक एसडीएम अनिल चन्याल ने सेंट फ्रांसिस स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा गया है कि स्कूल प्रबंधन के नेतृत्व में बोर्ड परीक्षाओं के चलते क्षेत्र में लागू धारा-144 का उल्लंघन कर जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया और राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई। आगाह किया है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण न दिए जाने पर प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, मामले की पुलिस द्वारा भी जांच की जा रही है। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि एसपी के निर्देश पर फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।