लोहाघाट (चंपावत)। आदर्श राशनिंग डीलर्स वैलफेयर सोसायटी ने जिला पूर्ति अधिकारी के सम्मुख विभिन्न समस्याएं रखीं। सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने मानदेय नहीं मिलने, केरोसीन नहीं आने सहित कई समस्याओं का समाधान करने की मांग की। सोसायटी के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह बोहरा के नेतृत्व में शामिल सस्ता गल्ला विक्रेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने डीएसओ को ज्ञापन दिया।
संगठन ने कहा कि राशन डीलर लंबे समय से मानदेय की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग को लगातार अनसुना किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राशन डीलरों के यहां राशन वितरण का कार्य अधिकतम एक सप्ताह में पूर्ण हो जाता है, इसलिए राशन वितरण के बाद दुकानें खोलने की बाध्यता में शिथिलता लाई जाएं। उन्होंने कहा कि बीते कई महीनों से केरोसीन का तेल राशन डीलरों को नहीं मिल पा रहा है। इस मौके पर महिला उपाध्यक्ष सुमन माहरा, राजीव मुरारी, सचिव सलीम जावेद, घनश्याम भट्ट, संरक्षक हीराबल्लभ जोशी, हरीश पांडेय, राजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, सरिता देवी, बसंत विश्वकर्मा, रमेश ढेक आदि मौजूद थे। डीएसओ केके अग्रवाल ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।