चंपावत। जिले के सीमांत भनार, सौराई और हरतोला को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। इस संबंध में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने विधायक कैलाश गहतोड़ी और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर टनकपुर-रूपालीगाड़ रोड से खेत, एसएसबी कैंप, भनार, सौराई होते हुए हरतोला तक सड़क बनाने की मांग उठाई है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश सिंह बोहरा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क निर्माण नहीं होने के कारण सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों को अपने गांव तक पहुंचने के लिए आठ किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। ऐसी स्थिति में बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल लाने ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों की कृषि उपज को बाजार लाने में फसल का मूल्य भाड़े में चले जाता है। कहा गया है कि सड़क के निर्माण से सीमांत क्षेत्र के बार्डर आउट पोस्टों में तैनात एसएसबी के जवानों के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को भी आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इस संबंध में विधायक गहतोड़ी ने ग्रामीणों को जल्दी ही सड़क सुविधा से जोड़ने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में मदन सिंह महर, हेमा जोशी, विपिन जोशी, धारू बोहरा, कैलाश चंद्र जोशी आदि जनप्रतिनिधि शामिल रहे।