टनकपुर (चंपावत)।
मां पूर्णागिरि के दर्शन को आए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल बारिश से धाम क्षेत्र में दरक रही पहाड़ियों और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली। मंदिर समिति के लोगों ने स्वागत करने के साथ ही उन्हें धाम की विभिन्न समस्याएं बताईं। विधानसभा अध्यक्ष ने समस्याएं दूर कराने का आश्वासन दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष मंगलवार को परिवार के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन करने गए तो मंदिर समिति के लोगों को उन्हें बरसात के मौसम में धाम क्षेत्र की परेशानियां बताईं। मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय, सचिव गिरीश पांडेय आदि पदाधिकारियों ने बारिश से रास्तों पर पहाड़ियों की मलबा आने से पैदा हुए खतरे व परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को पूर्णागिरि मेले के दौरान पैदा होने वाली पेयजल समस्या के बारे में बताया। शारदा से लिफ्ट पेयजल योजना का निर्माण कराने का आग्रह किया।
गले बिजली के पोल से कभी भी हादसा हो सकता है
टनकपुर। पूर्णागिरि में इन दिनों बारिश से दरक रही पहाड़ियों का मलबा गिरने से वैसे ही खतरा बना हुआ है, वहीं भैरव मंदिर के कटौजिया क्षेत्र में सस्ता गल्ला की दुकान के पास लगा बिजली का पोल भी जड़ से गलने के कारण खतरा बना हुआ है। मुख्य मंदिर, भैरव मंदिर, काली मंदिर सुधार समिति के पूर्व अध्यक्ष भीम दत्त पांडेय व सस्ता गल्ला विक्रेता राजू तिवारी का कहना है कि लोहे का यह बिजली पोल जड़ से बुरी तरह गल चुका है, इसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने ऊर्जा निगम से उक्त पोल बदलने की मांग की है।