संजीव की तलाश के लिए उच्च स्तरीय जांच की मांग
टनकपुर (चंपावत)।
मां पूर्णागिरि धाम से लापता रुद्रपुर के किशोर की बरामदगी के लिए उसके परिजनों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। इस बाबत उन्होंने ऊधम सिंह नगर और चंपावत के जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है।
आदर्श नगर कालोनी रुद्रपुर निवासी संजीव कुमार (16) पुत्र धरमवीर सिंह गत 22 मई को परिजनों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन को आया था। दर्शन कर लौटते वक्त वह रास्ते से अचानक लापता हो गया। जिसकी गुमशुदगी की सूचना कोतवाली में दर्ज कराई गई है। लापता संजीव के मोबाइल फोन पुलिस को शहर के एक मोबाइल शॉप से बरामद हुआ है। जो एक चोर ने दुकान पर बेचा है। पुलिस 18 दिन बाद भी संजीव को नहीं खोज पाई है। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा का कहना है कि संजीव की खोज के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। बहरहाल मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस मोबाइल बेचने वाले युवक की तलाश में जुटी है। इधर लापता संजीव के भाई सुशील कुमार ने राष्ट्रपति को भेजे पत्र में संजीव की बरामदगी के लिए घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने की गुहार लगाई है।