लोहाघाट (चंपावत)। नगर में दिन ब दिन गहराते पेयजल संकट के समाधान के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने जल संस्थान पर मनमाने ढंग से जल मूल्य वसूलने का आरोप लगाया है।
कुमाऊं आयुक्त को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि लोहाघाट नगर में वर्षभर पानी की किल्लत बनी रहती है। लोगों को तीसरे चौथे दिन ही पानी मिल पाता है। गर्मियां बढ़ते ही पानी की समस्या विकराल रूप ले लेती है। जल संस्थान चौथे दिन जलापूर्ति करता है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
लोगों की पूरी निर्भरता प्राकृतिक जलस्रोतों, हैंडपंप, नर्सरी गधेरे, अक्कल धारे, शिवालय मंदिर के पास बने स्टेंड पोस्ट में टिकी हुई है। जल संस्थान की ओर से पेयजल किल्लत को देखते हुए टैंकरों के जरिये मुख्य टेंक में पानी डलवाकर उसका वितरण किया जाता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाता है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने जल संस्थान पर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग उपभोक्ताओं से मनमाने ढंग से जल मूल्य वसूल रहा है। उन्होंने लोहाघाट नगर की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ब्यूरो