लोहाघाट (चंपावत)। पाटी विकासखंड के सिब्योली गांव में चार दिनों से बिजली नहीं है। ग्रामीण रात में अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। अल्मोड़ा जिले में सड़क निर्माण के दौरान बिजली के पोल और बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरा गांव अंधेरे में डूबा है। ग्रामीणों ने बिजली लाइन क्षतिग्रस्त करने वाली कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई की मांग कर शीघ्र विद्युत व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।
ग्रामीण जगदीश अधिकारी, गोधन अधिकारी, पूरन अधिकारी, देवेंद्र अधिकारी, कुंदन अधिकारी, विमल सिंह, मनोज सिंह, हयात सिंह, ललित सिंह आदि ने कहा कि बीते मंगलवार से गांव में विद्युत व्यवस्था ठप पड़ी है। इसके चलते छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने से लेकर ग्रामीणों को तमाम तरह की दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी व्यवस्था सुचारु नहीं की जा रही है। उन्होंने जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ऊर्जा निगम के कनिष्ठ अभियंता अशोक कुंवर ने कहा कि विद्युत विभाग के कर्मचारी खामी को दूर करने में जुटे हैं। रविवार सुबह तक आपूर्ति सुचारु हो सकेगी।