टनकपुर (चंपावत)। मौसम विभाग की मंगलवार को तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी से प्रशासनिक अमला पूरे दिन अलर्ट रहा। मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा पर प्रशासन ने पहले तो रोक लगाई, काली मंदिर एवं भैरव मंदिर क्षेत्र में तैनात फोर्स को ठुलीगाड़ बुलाया गया और फिर बाद में यात्रा पर रोक हटाने के साथ ही वापस बुलाए फोर्स को भी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सुबह से ही बचाव एवं राहत कार्य की रूपरेखा बनानी शुरू कर दी गई थी, लेकिन शाम तक मौसम शांत रहा। मौसम विभाग की चेतावनी को लेकर डीएम डॉ. अहमद इकबाल एवं पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र सिंह गुंज्याल के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौसम पर नजर रखे रही। पुलिस की रेस्क्यू टीम ने सुबह ही कोतवाली के स्टोर में रखे बचाव उपकरण बाहर निकाल लिए थे। प्रशासन ने सुबह पूर्णागिरि यात्रा पर भी रोक लगा दी थी, लेकिन बाद में यात्रियों को सजगता से यात्रा करने के निर्देश देकर रोक हटा दी।
मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अनिल चन्याल ने बताया कि मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा जा रहे यात्रियों को मौसम के प्रति सजग किया जा रहा है। सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि धाम क्षेत्र में तैनात पुलिस फोर्स को सजगता के साथ अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुजारी और व्यापारियों को मौसम के मिजाज पर खुद सुरक्षात्मक कदम उठाने को कहा गया है। बहरहाल, खबर लिखे जाने तक मौसम अन्य दिनों की तरह सामान्य था।