चंपावत। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य शैलेंद्र शेखर ककरेती ने शुक्रवार को भी नगर के विभिन्न निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में पानी, शौचालय, सीसीटीवी, अग्नि सुरक्षा उपकरण, कक्षों, किताबों की स्थिति को देखा।
कई विद्यालयों में चहारदीवारी, खेल मैदान, बिजली आदि की कमी को देखते हुए सुधारीकरण के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने एबीसी आल्मामैटर, होली स्कूल, अपैक्स एकेडमी आदि स्कूलों का निरीक्षण के दौरान प्रबंधकों को स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान आयोग के सदस्य ने पाया कि कई विद्यालय बिना मान्यता हाइस्कूल व इंटर की कक्षाएं चला रहे हैं। जिस पर उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित को कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
खंड और उप शिक्षाधिकारियों को दिए निरीक्षण के निर्देश
चंपावत। मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित ने खंड शिक्षा और उप शिक्षा अधिकारी को स्कूलों के निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि उदयन पब्लिक स्कूल, मल्लिकार्जुन, एबीसी आल्मामैटर स्कूल चंपावत तथा सेंट फ्रांसिस, विजन स्कूल टनकपुर में स्कूलों में पुस्तकों की बिक्री और वितरण की अनियमितताएं की शिकायतें मिल रही हैं। जो शिक्षा का अधिकार अधिनियम के खिलाफ है। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने को कहा है।